कमला नेहरू वाटिका के सौन्दर्यकरण कार्यों का पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने किया निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कम्पनी गार्डन स्थित कमला नेहरू वाटिका का औचक निरीक्षण कर मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत चल रहे सौन्दर्यकरण एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष ने वाटिका में चल रहे निर्माण कार्यों, साफ-सफाई व्यवस्था, हरित क्षेत्र के रखरखाव तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत किए जा रहे सभी विकास एवं सौन्दर्यकरण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि शहरवासियों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान मीनाक्षी स्वरूप ने वाटिका परिसर में पड़े कबाड़ और लंबे समय से अनुपयोगी वाहनों की स्थिति पर भी चिंता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन वाहनों की नीलामी प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए, जिससे परिसर को व्यवस्थित और स्वच्छ बनाया जा सके। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उनका कहना था कि नगर पालिका की प्राथमिकता शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना है तथा इसके लिए विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पालिकाध्यक्ष ने कहा कि कमला नेहरू वाटिका शहर का एक प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक भ्रमण, व्यायाम और मनोरंजन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इसे अधिक आकर्षक, स्वच्छ और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और सभी परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यों की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाए और जहां भी आवश्यक हो, वहां तेजी लाकर समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण कराए जाएं।

अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के अंतर्गत सीएंडडीएस जल निगम द्वारा कराए जा रहे निर्माण एवं सौन्दर्यकरण कार्यों की समीक्षा की गई। पालिकाध्यक्ष ने संबंधित ठेकेदार से प्रगति की जानकारी प्राप्त की और जल निगम सीएंडडीएस के जूनियर इंजीनियर से दूरभाष पर वार्ता कर कार्यों को तय समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि संबंधित एजेंसी को निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वाटिका में साफ-सफाई व्यवस्था और जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान एई निर्माण नैपाल सिंह, वाटिका सुपरवाइजर दुष्यंत चौधरी, मौहम्मद सालिम तथा अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। नगर पालिका प्रशासन का उद्देश्य कमला नेहरू वाटिका को शहर के एक आधुनिक, स्वच्छ और आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और सुखद वातावरण मिल सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts