बबेरू में खाद वितरण को लेकर किसानों का विरोध, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

बबेरू/बांदा। बबेरू तहसील परिसर स्थित उप जिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में सोमवार दोपहर किसानों ने खाद वितरण में हो रही अनियमितताओं को लेकर विरोध दर्ज कराया। किसानों के साथ जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने एसडीएम रजत वर्मा को सहकारी समिति में खाद न मिलने की शिकायत सौंपी। किसानों का आरोप है कि सहकारी समिति का सचिव केवल अपने नजदीकी और पसंदीदा किसानों को खाद उपलब्ध कराता है, जबकि बाकी किसानों को एक भी बोरी खाद नहीं मिलती। इस कारण किसानों को हर साल फसल के मौसम में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जिला पंचायत सदस्य इंद्रजीत यादव ने कहा कि योगी सरकार में यह समस्या हर साल देखने को मिलती है। चाहे धान की रोपाई का समय हो या बुवाई का, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि सहकारी समिति के सचिव के ‘चहेते’ किसानों को प्राथमिकता देकर खाद बांटी जाती है, जबकि वास्तविक जरूरतमंद किसान खाली हाथ लौट जाते हैं। इस बार भी स्थिति ऐसी ही है, जिससे किसानों में नाराजगी है।

किसानों ने बताया कि फसल की बुवाई का समय निकलने पर खाद की कमी का सीधा असर उनकी उपज पर पड़ता है, और उन्हें निजी विक्रेताओं से ऊंचे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ता है। कई किसानों ने कहा कि समय पर खाद न मिलने से लागत बढ़ जाती है और फसल उत्पादन में गिरावट आती है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर असर पड़ता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम रजत वर्मा ने सहकारी समिति को निर्देश दिए कि सभी किसानों को टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए। इससे हर किसान को बराबर अवसर मिलेगा और किसी भी तरह की पक्षपातपूर्ण कार्रवाई रोकी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत दोबारा आती है तो जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर करीब आधा सैकड़ा किसान मौजूद रहे, जिन्होंने एक सुर में मांग की कि खाद वितरण पारदर्शी तरीके से हो और हर किसान को उसकी जरूरत के अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाए। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts