गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया. महमूदपुरा इलाके के गैट्रेड रोड स्थित टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री में लगी आग के बीच कई जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
धमाकों से दहशत में लोग
स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगने के कुछ ही देर बाद फैक्ट्री के भीतर लगातार धमाकों की आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया. इनमें पांच घायलों का इलाज एलजी अस्पताल और चार का सिविल अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य घायलों का भी अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी है.जानकारी के अनुसार, टैलेंट फायरवर्क्स फैक्ट्री का संचालन मेहुल डोडिया नामक व्यक्ति द्वारा किया जाता है. हादसे की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के महापौर, नगर आयुक्त समेत नगर निगम और प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया. पुलिस ने भी पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है.
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी. प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं फायर ब्रिगेड आग पर पूरी तरह काबू पाने और फैक्ट्री परिसर में फंसे लोगों की तलाश में जुटा हुआ है.























































