चित्तौड़गढ़ जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर किसानों को 11 अंकों की यूनिक आईडी प्रदान करने के लिए विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गंगरार उपखंड के बोलो का सांवता ग्राम पंचायत में तीन दिवसीय किसान रजिस्ट्री शिविर का आयोजन किया गया, जिसका समापन बुधवार को हुआ। इस शिविर में ग्राम पंचायत के चार गांव—बोलो का सांवता, एरा, नयावास और लक्ष्मण सिंह जी का खेड़ा—के किसानों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

गंगरार में कानूनगो सुरेश चंद्र कटारिया ने बताया कि यह शिविर 24 से 26 फरवरी तक चला, जिसमें किसानों को यूनिक आईडी प्रदान की गई। इस आईडी के माध्यम से उन्हें पीएम किसान सम्मान निधि की किस्त, फसल बीमा का लाभ और फसल खराबे की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध होगी। साथ ही, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीद के लिए स्वचालित रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी मिलेगी। महत्वपूर्ण बात यह है कि अब किसानों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए बार-बार पंजीकरण और सत्यापन की आवश्यकता नहीं होगी।
शिविर का निरीक्षण उपखंड अधिकारी पंकज बड़गुजर और तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह राजावत ने किया। इस अवसर पर कानूनगो सुरेशचंद्र कटारिया, सरपंच सोहनी बाई रेगर, सरपंच प्रतिनिधि कुका राम रेगर, पूर्व सरपंच शंभूलाल, राजू भील, कालूलाल सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।















