रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोहा निवासी मुकेश पुत्र रतनलाल जाटव ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 23 फरवरी 2025 की सुबह करीब 9 बजे वह अपने परिवार के साथ खेत में सरसों काटने गया था, तभी गांव के ही जाति विशेष के 20-22 लोगों ने उस पर हमला कर दिया। इस मामले में रामगढ़ थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं 189(2), 115(2), 126(2), 329(3), 109(1), 74 बीएनएस आदि में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
घटना को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेजपाल सिंह के निर्देशन में डीएसपी सुनील प्रसाद के सुपरविजन और थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। वांछित और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया गया, जिसमें रुजदार, मुस्ताक, आरिफ (पुत्रान रहमान) और मोहम्मद कैफ (पुत्र मुस्ताक) निवासी चौकी थाना रामगढ़ को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी अभियान में डीएसपी सुनील प्रसाद शर्मा, थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह, एएसआई दयाचंद, हेड कांस्टेबल तेजसिंह, कांस्टेबल महबूब, मूल्याराम, शहरुन, सुनील और आकाश शामिल रहे। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।















