दिल्ली: कालकाजी के पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग,

दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी-गोविंदपुरी फ्लाईओवर के पास स्थित पंजाबी तड़का रेस्टोरेंट में रविवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. आग इतनी तेजी से फैली कि रेस्टोरेंट में रखे तीन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर एक के बाद एक फट गए. सिलेंडरों में हुए विस्फोट के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. दमकलकर्मियों ने इमारत की दूसरी मंजिल पर फंसी करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला सीता देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. समय रहते किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन से एक बड़ा हादसा टल गया.

सिलेंडर फटने से फैल गई आग

जानकारी के अनुसार, जिस इमारत में आग लगी वह बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन मंजिलों वाली व्यावसायिक इमारत है. इसके अलावा तीसरी मंजिल की छत पर भी एक अस्थायी ढांचा बनाया गया था. आग लगने के बाद पूरे भवन को खाली कराया गया और आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया. सिलेंडरों के फटने से आग और अधिक भड़क गई, जिसके चलते दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, हालांकि एहतियात के तौर पर कूलिंग ऑपरेशन जारी रखा गया है ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके. राहत की बात यह है कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है.

कैसे लगी आग?

अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव जैसी संभावनाओं के कारण आग लगने की बात सामने आ रही है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts