प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रयागराज पहुंचे. पीएम मोदी ने यहां महाकुंभ मेला का जायजा लिया, साथ ही हनुमान कॉरिडोर और अक्षयवट कॉरिडोर के विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली. पीएम ने यहां अपने संबोधन में कहा कि महाकुंभ मेला हजारों साल पुरानी परंपरा का हिस्सा है. यहां कलाओं और संस्कृति का अद्भुत संगम होता है. यह एकता का महायज्ञ है. यहां संगम में डुबकी लगाने वाला देश के कोने कोने से आते हैं और हरेक शख्स एक रंग में समा जाते हैं.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का प्रयागराज दुनिया में प्रमुख स्थान रखता है. यहां एकता और सामूहिकता का अनोखा समागम देखने को मिलता है. महाकुंभ ऐसा अवसर लेकर आता है जहां जाति भेद, संप्रदाय भेद बिल्कुल मिट जाते हैं. उन्होंने कहा कि इस बार के महाकुंभ की चर्चा पूरी दुनिया में होगी. मैं इस आयोजन की भव्य और दिव्य सफलता के लिए आप सभी को शुभकामनाएं देता हूं.
धार्मिक आयोजनों से सकारात्मता का प्रसार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि महाकुंभ जैसे आयोजनों से देश में सकारात्मकता का प्रसार होता है. इसके रूप अलग-अलग हो सकते हैं, स्थान अलग-अलग हो सकते हैं लेकिन सबका मकसद एक ही है. उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के दौर में महाकुंभ के रख रखाव पर विशेष ध्यान नहीं दिया गया. आज हमारी सरकार में हम धार्मिक और ऐतिहासिक रूप से प्रमुख शहरों को भव्य और दिव्य बनाने के अभियान में जुटे हैं.
प्रयागराज की धरती पर रचा जा रहा नया इतिहास
प्रधानमंत्री मोदी ने महाकुंभ को सफल बनाने के लिए दिन रात परिश्रम कर रहे कर्मचारियों, श्रमिकों और सफाईकर्मियों का भी धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि यह दुनिया का इतना बड़ा आयोजन है, जहां रोजाना लाखों श्रद्धालु आते हैं, उनके स्वागत और सेवा की तैयारी, लगातार 45 दिनों तक चलने वाला महायज्ञ, एक नया नगर बसाने के महा अभियान आसान बात नहीं. प्रयागराज की इस धरती पर एक नया इतिहास रचा जा रहा है.















