पश्चिमी यूपी की रेल सुविधाओं को लेकर कपिल देव अग्रवाल ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात

मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिष्टाचार भेंट कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश विशेषकर मुजफ्फरनगर, मेरठ, सहारनपुर, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर के यात्रियों से जुड़े महत्वपूर्ण रेल मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही रेल संबंधी मांगों पर विस्तार से चर्चा करते हुए रेल सेवाओं के विस्तार, नई सुविधाओं की शुरुआत और बंद पड़ी ट्रेनों को दोबारा शुरू करने का आग्रह किया। मंत्री अग्रवाल ने रेल मंत्री से नई दिल्ली–लखनऊ एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12429/12430) का ठहराव हापुड़ रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने बताया कि हापुड़ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन के रूप में विकसित हो रहा है और यहां इस ट्रेन का ठहराव होने से जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम यात्रियों को लखनऊ आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।

मंत्री अग्रवाल ने संगम एक्सप्रेस (14164) के संचालन में बदलाव का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह ट्रेन मेरठ से प्रयागराज के लिए चलती है, लेकिन यदि इसे सहारनपुर जंक्शन से संचालित किया जाए तो सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और आसपास के जिलों के यात्रियों को कानपुर और प्रयागराज तक सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी। इससे क्षेत्र के हजारों दैनिक यात्रियों को बड़ा लाभ होगा। इसके अलावा उन्होंने कोरोना काल के दौरान बंद की गई कुछ महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को जल्द बहाल करने की भी मांग रखी। उन्होंने हरिद्वार–निजामुद्दीन, मेरठ–अंबाला और अंबाला–दिल्ली मार्ग की ट्रेनों को फिर से शुरू करने का आग्रह करते हुए कहा कि इन सेवाओं के बंद होने से मेरठ, मुजफ्फरनगर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के व्यापारियों, छात्रों और यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।

इसके साथ ही मंत्री अग्रवाल ने आधुनिक और तेज गति वाली रेल सेवाओं के विस्तार पर भी जोर दिया। उन्होंने सुझाव दिया कि 22490 वंदे भारत एक्सप्रेस को मेरठ के बजाय सहारनपुर से संचालित किया जाए। उनका कहना था कि यदि यह ट्रेन सहारनपुर से सुबह करीब 5 बजे शुरू होकर मुजफ्फरनगर और मेरठ होते हुए लखनऊ तक चलाई जाए तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। उन्होंने इस सेवा को आगे वाराणसी तक बढ़ाने की संभावना पर भी विचार करने का अनुरोध किया। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि ये प्रस्ताव केवल रेल सेवाओं के विस्तार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इससे क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को इन प्रस्तावों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। कपिल देव अग्रवाल ने इस पर आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता की इन मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts