फिल्मी दुनिया से राजनीति में कदम रखने वाली अभिनेत्री और मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना ईश्वरीय अवतार से करते हुए कहा, “मोदी जी कोई सामान्य इंसान नहीं हैं, वे एक अवतार हैं, जिन्हें भारत के पुनर्निर्माण के लिए भगवान ने भेजा है।” कंगना ने यह बयान एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान दिया, जहाँ उन्होंने पीएम मोदी की दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की खुलकर तारीफ की। उनके इस बयान से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है, जहां कुछ लोग इसे मोदी भक्ति बता रहे हैं तो कुछ इसे कट्टर समर्थक की राय के तौर पर देख रहे हैं। कंगना पहले भी कई बार पीएम मोदी के समर्थन में बोल चुकी हैं, लेकिन इस बार उनके शब्दों ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है।























































