आईपीएल सट्टेबाजी का भंडाफोड़, भोपा पुलिस ने पांच आरोपियों को दबोचा

मुजफ्फरनगर। जनपद में आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भोपा पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कस्बा मोरना में छापेमारी कर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप और टैबलेट बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत बाजपेई तथा थाना प्रभारी भोपा आशुतोष कुमार सिंह द्वारा किया गया।

थाना भोपा पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कस्बा मोरना में परवेज पुत्र महमूद के घर के अंदर आईपीएल मैचों के दौरान 99-EXCH ऐप के जरिए बड़े स्तर पर सट्टे की खाईबाड़ी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना भोपा पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए मौके पर मौजूद पांच लोगों को पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने भागने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 1 लाख रुपये नकद, सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक टैबलेट बरामद किया गया। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित करने में किया जा रहा था। पुलिस अब मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि सट्टेबाजी का नेटवर्क कितने बड़े स्तर पर संचालित किया जा रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

थाना भोपा पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts