मुजफ्फरनगर। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने शिव चौक और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता तथा बेहतर समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक नगर ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का भी जायजा लिया, जहां पुलिस, प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों की 24 घंटे संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों की कार्यकुशलता और रिस्पांस टाइम जांचने के लिए मदीना चौक पर सफाई व्यवस्था से संबंधित एक टास्क दिया गया। संबंधित टीम करीब तीन से साढ़े तीन मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और सफाई कार्य शुरू कर दिया। इसी तरह अस्पताल तिराहे पर भी एक अन्य टास्क देकर टीमों की तत्परता का परीक्षण किया गया, जिसमें निर्धारित समय के भीतर पहुंचकर कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि पुलिस, प्रशासन और सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय है तथा सभी टीमें पूरी सक्रियता और दक्षता के साथ अपने दायित्व निभा रही हैं।
इसके अलावा कांवड़ियों की सुविधा के लिए स्थापित मेडिकल कैंप का भी निरीक्षण किया गया। यहां उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, दवाइयों और प्राथमिक उपचार सामग्री का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी श्रद्धालु को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि मुजफ्फरनगर पुलिस और जिला प्रशासन कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ लगातार कार्य कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।























































