स्वच्छ भारत मिशन की बैठक में डीएम सख्त, शौचालयों की जांच और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के निर्देश.

मुजफ्फरनगर में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी आवास स्थित सभागार कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, जानसठ और मोरना क्षेत्र पंचायत के प्रमुख सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यक्तिगत शौचालय योजना के पात्र लाभार्थियों का शीघ्र चयन किया जाए तथा उनके खातों में धनराशि हस्तांतरित करते हुए गुणवत्तापूर्ण शौचालय निर्माण सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व में बनाए गए शौचालयों की वास्तविक स्थिति और उनकी क्रियाशीलता का सत्यापन कराया जाए तथा एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

जिलाधिकारी ने सहायक विकास अधिकारी पंचायत, खंड विकास अधिकारियों और जिला पंचायत राज अधिकारियों को सामुदायिक शौचालयों की स्थिति का भी निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर शौचालय अनुपयोगी या खराब स्थिति में पाए जाएं, वहां तत्काल सुधार कार्य कराया जाए ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने प्राथमिकता के आधार पर जिले के 90 ग्रामों का चयन कर वहां डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एकत्रित कूड़े का सेग्रीगेशन सेंटर पर वैज्ञानिक तरीके से पृथक्कीकरण किया जाए तथा उससे ओएसआर प्राप्त करने की दिशा में कार्य किया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट कहा कि स्वच्छता संबंधी कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी विभाग या अधिकारी की उदासीनता सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक के अंत में अधिकारियों को स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts