मुजफ्फरनगर। आकांक्षा कॉलेज मीरापुर में आज कॉलेज के सभागार में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बीएससी और बीए के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्राचार्या डॉ. अनुराधा मलिक ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल हमारे राष्ट्र के महान स्वतंत्रता सेनानी, कुशल प्रशासक और एकता के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, संगठन क्षमता और दूरदर्शिता से भारत को एक सशक्त और एकीकृत राष्ट्र बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
इस निबंध प्रतियोगिता में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा पारुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि दूसरे स्थान पर बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा निशा सैनी और तीसरे स्थान पर बीए तृतीय वर्ष के छात्र वरदान राव रहे। कार्यक्रम के बाद सहायक प्रोफेसर डॉ. रणजीत सिंह ने कॉलेज प्रांगण में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त बनाना है। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज तीनों को नष्ट कर देता है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह स्वयं नशा नहीं करेगा और दूसरों को भी इससे दूर रखेगा।
इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. नवनीत सिंह, सुभाष चंद्र, पंकज कुमार, लोकेश कुमार, हैदर हाशमी, अक्षिता चौधरी, हिमानी पाल, ज्योति, कुसुम साहू और नजमा खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
















