कोलकाता । भारत निर्वाचन आयोग ने सोमवार को बंगाल से राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर उपचुनाव की तिथि घोषित कर दी है। हाल ही में उच्च सदन के तीन वरिष्ठ सदस्यों सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाईक के इस्तीफों के कारण ये सीटें खाली हुई थीं।जिन्हें भरने के लिए आयोग ने आगामी 24 जुलाई को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना कराने का फैसला किया है। इस पूरी चुनावी प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत सात जुलाई को अधिसूचना जारी होने के साथ ही हो जाएगी।
राजनीतिक और कानूनी दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण इस चुनाव में आयोग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि भले ही तीनों सीटों का चुनावी कार्यक्रम एक समान है, लेकिन जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों और दिल्ली उच्च न्यायालय के ऐतिहासिक न्यायिक निर्णयों के अनुरूप इन सभी रिक्तियों को पृथक माना जाएगा।
प्रत्येक सीट के लिए अलग से अधिसूचना जारी कर स्वतंत्र रूप से मतदान कराया जाएगा।निष्पक्षता और शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग ने मतदान के दौरान केवल निर्वाचन अधिकारी द्वारा दिए जाने वाले विशेष बैंगनी स्केच पेन के इस्तेमाल की सख्त बंदिश लगाई है।इसके साथ ही, पूरी प्रक्रिया पर पैनी नजर रखने के लिए विशेष पर्यवेक्षक भी तैनात किए जा रहे हैं। बंगाल के राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से यह उपचुनाव बेहद प्रतिष्ठापूर्ण माना जा रहा है।














