जनसुनवाई में सक्रिय डीएम उमेश मिश्रा, फरियादियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर.

मुजफ्फरनगर। जनपद में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की कार्यशैली आम जनता के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। पदभार ग्रहण करने के बाद से वह नियमित रूप से कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। प्रतिदिन सुबह निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचकर वह फरियादियों से सीधे संवाद करते हैं। जब शिकायतकर्ताओं की संख्या अधिक होती है तो जिला पंचायत सभागार में जनता दर्शन का आयोजन कर बड़ी संख्या में आए लोगों की समस्याएं सुनते हैं। जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी स्वयं प्रत्येक फरियादी के पास जाकर उसकी शिकायत गंभीरता से सुनते हैं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हैं। उनका स्पष्ट कहना है कि आम जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंगलवार को भी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें सुनीं और राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, नगर निकाय तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न संगठनों एवं नागरिकों द्वारा दिए गए ज्ञापनों को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों की समस्याओं पर विशेष संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनपद में कानून-व्यवस्था, शांति व्यवस्था और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा भी जिलाधिकारी द्वारा की जा रही है। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को लेकर भी वह लगातार तैयारियों का निरीक्षण कर रहे हैं तथा संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। किसी भी आकस्मिक घटना की सूचना मिलने पर स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना उनकी कार्यशैली का हिस्सा माना जाता है। प्रशासनिक बैठकों, जनहित से जुड़े कार्यक्रमों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। जनसुनवाई के माध्यम से आम लोगों को प्रशासन तक सीधी पहुंच मिलने से लोगों में विश्वास बढ़ा है और बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कलेक्ट्रेट पहुंच रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी विभागों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts