अलवर की जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला ने एक और नवाचार करते हुए अलवर मिनी सचिवालय में पालना गृह की थीम पर वात्सल्य केंद्र की शुरुआत की है। कलेक्टर रूम के पास इस केंद्र का उद्घाटन किया गया, जहां कलेक्टर शुक्ला ने फीता काटकर इसे विधिवत रूप से शुरू किया

। उन्होंने बताया कि भारत सरकार की गाइडलाइनों के आधार पर यह केंद्र स्थापित किया गया है, जिसका उद्देश्य मिनी सचिवालय में कार्यरत महिलाओं के कामकाजी जीवन को सहारा देना है। छोटे बच्चों की देखभाल के दौरान महिलाओं के ऑफिसियल कार्य में कोई रुकावट न आए, इस मकसद से इस केंद्र की शुरुआत की गई है। आईसीआईसी फाउंडेशन के सहयोग से यह वात्सल्य केंद्र स्थापित हुआ है और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दो महिला होमगार्ड का स्टाफ भी तैनात किया गया है। महिला एवं बाल अधिकारिता विभाग इस केंद्र की मॉनिटरिंग करेगा।















