दोस्ती और ज़ायकेदार खाना—ये दो ऐसी चीजें हैं जो किसी भी आम पल को बेहद खास बना देती हैं। इस फ्रेंडशिप डे पर अगर आप अपने दोस्तों के लिए कुछ नया, एस्थेटिक और स्वाद से भरपूर बनाना चाहते हैं, तो ‘बर्मीज खावस्वे’ एक परफेक्ट चॉइस है। दरअसल 20वीं सदी के मध्य में बर्मा की राजनीतिक उथल-पुथल के दौरान कोलकाता पहुंची यह रेसिपी आज दुनियाभर के फूड लवर्स की पहली पसंद बनी हुई है।
म्यांमार में राजनीतिक उथल-पुथल के कारण कई भारतीय और मारवाड़ी कारोबारी परिवार भारत लौटने लगे। इन्हीं में से एक परिवार की दादी मां बर्मा से कोलकाता लौटते समय अपने साथ वहां के पारंपरिक ‘बर्मीज खावस्वे’ की ख़ास रेसिपी भी लेकर आईं थीं। जिसकी रेसिपी मास्टरशेफ फेम ओइन्द्रिला बाला ने पर शेयर की है जो ना सिर्फ दिखने में शानदार है बल्कि स्वाद में भी लाजवाब है।
खुशबूदार पेस्ट तैयार करना
खावस्वे की ग्रेवी का असली स्वाद इसके पेस्ट में छिपा होता है। एक ब्लेंडर या मिक्सी में कटा हुआ प्याज, अदरक, लहसुन, धनिया के डंठल, लेमनग्रास और हरी मिर्च डालें। थोड़ा सा पानी मिलाकर इसे एकदम बारीक पीस लीजिए।
मसालों और सब्जियों की भुनाई
एक कड़ाही में थोड़ा सा तेल गर्म करें और तैयार किए गए पेस्ट को तब तक भूनें जब तक कि उसमें से अच्छी महक न आने लगे। अब इसमें धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर के साथ थोड़ा सा पानी डालकर मिला लें। इसके बाद अपनी पसंद की बारीक कटी सज्बियां डालें जैसे- गाजर, बीन्स, बेबी कॉर्न। सब्ज़ियों को मसालों के साथ हल्का पकने तक सौते करें।
सूप बेस तैयार करना
जब सब्जियां मसालों के साथ हल्की भुन जाएं, तो कड़ाही में धीरे-धीरे वेजिटेबल स्टॉक डालें। यह स्टॉक सूप को एक गहरा और प्राकृतिक स्वाद देता है। अब इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा पाम जैगरी मिलाएं। गुड़ का हल्का सा मीठापन मसालों के तीखेपन और आगे इस्तेमाल होने वाले नींबू के खट्टेपन को बेहतरीन तरीके से बैलेंस करता है। अब गैस की आंच को मीडियम करें और मिश्रण को 3-4 मिनट तक उबलने दें।
क्रीमी कोकोनट-बेसन ग्रेवी बनाना
एक बाउल में बेसन लें और उसमें नारियल का दूध डालकर अच्छे से फेंट लें, ताकि कोई गांठ न रहे। अब इस नारियल और बेसन के मिश्रण को उबलते हुए सूप वाले कड़ाही में धीरे-धीरे डालते हुए चलाएं। इसे मध्यम आंच पर कुछ मिनटों के लिए धीमी आंच पर पकाएं जब तक कि ग्रेवी गाढ़ी, स्मूथ और क्रीमी न हो जाए। आखिरी में नमक एडजस्ट करें, थोड़ा सा नींबू का रस निचोड़ें और गैस बंद कर दें।
सर्विंग और बाउल असेंबल करना
बर्मीज खावस्वे को परोसने और असेंबल करने का अंदाज़ बेहद खास और देखने में खूबसूरत होता है। इसके लिए सबसे पहले एक बड़ा और गहरा सर्विंग बाउल लें। उबले हुए नूडल्स की एक अच्छी और बराबर परत बिछाएं। अब इसके ऊपर तैयार की गई गर्मागर्म और क्रीमी कोकोनट-सब्जी ग्रेवी को अच्छी मात्रा में डालें ताकि नूडल्स पूरी तरह ढंक जाएं।
बर्मीज खावस्वे बनाने की आसान रेसिपी
टॉपिंग्स और गार्निशिंग
खावस्वे की असली पहचान इसकी रंग-बिरंगी और क्रंची टॉपिंग्स हैं। बाउल के ऊपर अपनी पसंद के हिसाब से भुनी हुई मूंगफली, बारीक कटे कच्चे/फ्राई प्याज और स्प्रिंग अनियन, गोल्डन फ्राई किया हुआ लहसुन, क्रिस्पी फ्राइड नूडल्स, हरा धनिया और एक नींबू का टुकड़ा रख दें। लीजिए, आपका एस्थेटिक दिखने वाला और स्वाद में लाजवाब वेजिटेरियन बर्मीज खावस्वे बनकर तैयार है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। एनबीटी इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।























































