मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगठन को मजबूत आधार देने और कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ बुधवार को शुकतीर्थ स्थित दण्डी स्वामी आश्रम परिसर में किया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में पार्टी की विचारधारा, राष्ट्रवाद, संगठनात्मक कार्यशैली, महिला सशक्तिकरण तथा मीडिया और सोशल मीडिया की बदलती भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षण वर्ग में जिलेभर से पहुंचे कार्यकर्ताओं में उत्साह और ऊर्जा का विशेष माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी और भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने फीता काटकर किया। इसके बाद अतिथियों और नगरपालिका परिषद मुजफ्फरनगर की चेयरमैन मीनाक्षी स्वरूप ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा कि दोनों महान विचारकों ने सनातन संस्कृति, राष्ट्रवाद और अखंड भारत के संकल्प को मजबूत करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया।
प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिवस के चौथे सत्र में पूर्व सांसद कान्ता कर्दम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहीं। सत्र की अध्यक्षता करते हुए मीनाक्षी स्वरूप ने महिला सशक्तिकरण विषय पर संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं को सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं नेतृत्व की भूमिका निभाकर समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रही हैं और पार्टी में उनकी सक्रिय भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षण वर्ग केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के वैचारिक निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रशिक्षण के जरिए कार्यकर्ताओं को अनुशासन, समर्पण, सेवा भाव और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी जाती है। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और पार्टी की कार्यप्रणाली की बारीकियों पर भी चर्चा हुई। साथ ही मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए कि वे पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को तथ्यात्मक, सकारात्मक और जिम्मेदार तरीके से जनता तक पहुंचाएं।























































