भारत की बादशाहत पर बड़ा खतरा, अब छिन सकता है नंबर 1 का ताज!

भारत पिछले कई सालों से आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में नंबर 1 बना हुआ है लेकिन इंग्लैंड दौरे पर लगातार खराब प्रदर्शन के बाद यह ताज अब खतरे में दिखाई दे रहा है. इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भी साफ कर दिया है कि उनकी टीम की नजर अब सिर्फ सीरीज जीतने पर नहीं बल्कि दुनिया की नंबर 1 टी20 टीम बनने पर है.

भारत की बढ़ी मुश्किल

इंग्लैंड ने टी20 सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है. अब दोनों टीमों के बीच सिर्फ एक मुकाबला बाकी है. यह मैच 11 जुलाई को साउथहैंप्टन में खेला जाएगा. अगर इंग्लैंड इस मुकाबले को भी जीत लेता है तो वह सीरीज में भारत का पूरी तरह सफाया कर देगा.इसी जीत के साथ इंग्लिश टीम आईसीसी टी20 रैंकिंग में भी भारत को पीछे छोड़ सकती है.

चार साल से नंबर 1 है भारत

भारत फरवरी 2022 से लगातार आईसीसी टी20 टीम रैंकिंग में पहले स्थान पर बना हुआ है. इस दौरान टीम ने कई द्विपक्षीय सीरीज जीतीं और लगातार दो टी20 विश्व कप भी अपने नाम किए.रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने 2024 का टी20 विश्व कप जीता था. इसके बाद 2026 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम ने लगातार दूसरा खिताब भी अपने नाम किया. ऐसा करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बना.

कैसे बढ़ा इंग्लैंड का दबाव

यूके दौरे की शुरुआत से पहले भारत की रेटिंग 275 थी. आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से सीरीज हारने के बाद यह घटकर 272 रह गई.इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहला टी20 बारिश में धुल गया. लेकिन अगले तीन मुकाबले हारने के बाद भारत की रेटिंग गिरकर 269 पहुंच गई.दूसरी तरफ इंग्लैंड लगातार जीत के साथ 267 रेटिंग तक पहुंच गया. अब दोनों टीमों के बीच सिर्फ 2 रेटिंग अंकों का अंतर रह गया है.

क्या बोले हैरी ब्रूक

मैच के बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा कि टीम को बताया गया है कि अगर वह आखिरी मैच जीतती है तो दुनिया की नंबर 1 टी20 टीम बन सकती है. उन्होंने कहा कि भारत मजबूत टीम है. हालांकि इस सीरीज में वह अपने पुराने स्तर पर नहीं दिखा. ब्रूक ने यह भी कहा कि भारत को 4-0 से हराना उनकी टीम के लिए बेहद खास उपलब्धि होगी और नंबर 1 बनना उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है.भारत के लिए अब आखिरी टी20 मुकाबला सिर्फ सम्मान बचाने का नहीं बल्कि नंबर 1 रैंकिंग बचाने का भी है. वहीं इंग्लैंड इतिहास रचने के इरादे से मैदान पर उतरेगा. ऐसे में साउथहैंप्टन का मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम रहने वाला है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts