मुजफ्फरनगर। मेरठ जोन व सहारनपुर परिक्षेत्र के उच्चाधिकारियों के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में थाना भोपा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी भोपा और थाना प्रभारी भोपा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में एक संगठित अवैध शस्त्र गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है।
रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गादला से बसेड़ा मार्ग पर नन्हेड़ी रजवाहे की पुलिया के पास कुछ संदिग्ध व्यक्ति थार गाड़ी व मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं और उनके पास अवैध हथियार व कारतूस हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना भोपा पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पुलिस को देखते ही संदिग्धों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा करते हुए घेरेबंदी कर सभी अभियुक्तों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में फिरोज अंसारी, आशु, गुरूमन सिंह सहित कुल 14 लोग शामिल हैं। उनके कब्जे से 05 अवैध पिस्टल .32 बोर, 01 पिस्टल 9 एमएम, 01 रिवॉल्वर, 05 तमंचे, 01 मस्कट, 01 बंदूक 12 बोर, 30 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस, एक महिंद्रा थार गाड़ी, तीन मोटरसाइकिल और 46,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जिसका संचालन फिरोज अंसारी करता है। यह गिरोह मुंगेर (बिहार) समेत विभिन्न स्थानों से अवैध शस्त्र खरीदकर पश्चिम उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में सप्लाई करता है। ग्राहकों से एडवांस में पैसे लेकर मांग के अनुसार हथियारों की डिलीवरी की जाती है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कई ऐसे हैं जिन्हें हथियार देने के लिए बुलाया गया था। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों, नेटवर्क और आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक कितनी और कहां-कहां पर अवैध शस्त्रों की आपूर्ति की जा चुकी है। थाना भोपा पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से जिले में अवैध हथियारों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
















