सनातन धर्म डिग्री कॉलेज और सीए ब्रांच मुजफ्फरनगर के बीच शैक्षणिक सहयोग का अनुबंध

मुजफ्फरनगर में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत एक अहम शैक्षणिक अनुबंध के साथ हुई है। कॉलेज ने इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई), मुजफ्फरनगर ब्रांच के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक और व्यावसायिक क्षेत्र में नई दिशा देना है।

इस अनुबंध पर हस्ताक्षर कार्यक्रम में सनातन धर्म डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर सुधीर कुमार पुंडीर, डॉ पीयूष शर्मा, सीए ब्रांच मुजफ्फरनगर की ओर से अध्यक्ष सुरेंद्र ढींगरा और उपाध्यक्ष सुनील कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सीए ब्रांच मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष सुरेंद्र ढींगरा ने यह अनुबंध औपचारिक रूप से कॉलेज प्राचार्य सुधीर कुमार पुंडीर को प्रदान किया।

अनुबंध के अंतर्गत दोनों संस्थान आपस में शैक्षणिक और व्यावसायिक अनुभवों का आदान-प्रदान करेंगे। सीए ब्रांच से संबंधित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स कॉलेज के वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों को अकाउंटिंग, टैक्सेशन, फाइनेंस और अन्य समकालीन विषयों की व्यावहारिक जानकारी देंगे। इससे विद्यार्थियों को न केवल विषय संबंधी गहन ज्ञान मिलेगा, बल्कि उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा सकेगा।

दूसरी ओर, सनातन धर्म डिग्री कॉलेज के अनुभवी शिक्षक सीए की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को उनके अकादमिक और विषयगत समस्याओं के समाधान में सहयोग देंगे। यह पारस्परिक सहयोग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होगा और उनके लिए रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोलेगा।

यह अनुबंध न केवल दोनों संस्थानों के बीच सहयोग की मिसाल बनेगा, बल्कि शिक्षा क्षेत्र में एक सकारात्मक पहल के रूप में भी देखा जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को एक ऐसा मंच मिलेगा, जहां वे व्यवहारिक और सैद्धांतिक ज्ञान का समन्वय करते हुए भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बन सकेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में यह कदम निश्चित रूप से एक मील का पत्थर साबित होगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts