मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय राजमार्ग 709B पर राजपुर-छाजपुर से करौदा महाजन इंटरचेंज तक दोनों ओर सर्विस रोड बनाए जाने की मांग उठाई। इस दौरान संगठन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें कहा गया कि यह सड़क क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रदर्शन में फुगाना, डूंगर, राजपुर छाजपुर, जोगियाखेड़ा, खेड़ा मस्तान, करौदा महाजन सहित लगभग दस गांवों के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।
किसानों का कहना था कि अगर सर्विस रोड का निर्माण होता है तो यह इलाका औद्योगिक दृष्टि से तेजी से विकसित हो सकता है। यह खाद्य प्रसंस्करण जैसे उद्योगों के लिए एक प्रमुख हब बनने की क्षमता रखता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा एक ही परियोजना में दोहरे मापदंड अपनाए जा रहे हैं। जहां एक ओर भाज्जू से बूटराड़ा इंटरचेंज तक सर्विस रोड का निर्माण किया जा रहा है, वहीं राजपुर-छाजपुर से करौदा महाजन तक इसी प्रकार की मांग को लगातार अनदेखा किया जा रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि यह मार्ग न केवल अंतर्जनपदीय बल्कि अंतरराज्यीय महत्व का है, जो मेरठ-करनाल और पानीपत-हरिद्वार मार्गों को जोड़ता है। इससे आसपास के 25 किलोमीटर के क्षेत्र के नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। इस क्षेत्र के नागरिक काफी समय से धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से अपनी मांग रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से जितेंद्र प्रधान फुगाना, सुनील सरपंच, नीटू दुल्हरा, सुधीर पंवार, प्रवीण पंवार, अमित ठाकुर समेत सैकड़ों किसान शामिल रहे। जिलाधिकारी ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि वह इस मुद्दे पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से पत्राचार कर आवश्यक कार्रवाई का प्रयास करेंगे। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेन्द्र मलिक ने स्पष्ट कहा कि जब तक सर्विस रोड की स्वीकृति नहीं मिलती, आंदोलन जारी रहेगा।















