बॉलीवुड फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ फेम एक्ट्रेस भाग्यश्री अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी फिटनेस, ट्रैवल और लाइफस्टाइल के वीडियोज फैंस के साथ शेयर करती रहती हैं. लेकिन हाल ही में उनके एक वीडियो को लेकर इंटरनेट पर तगड़ा बवाल कट रहा है. वाराणसी (काशी) के एक लोकल वेंडर से लस्सी पीने का उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद लोगों ने उन पर ‘फेक प्रमोशन’ करने के आरोप लगाने शुरू कर दिए. अब इस पूरे विवाद पर एक्ट्रेस का गुस्सा फूटा है और उन्होंने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है.दरअसल, सोशल मीडिया पर भाग्यश्री का एक छोटा सा क्लिप वायरल हो गया था. इस वीडियो में वो हाथ में लस्सी का कुल्हड़ पकड़े नजर आ रही थीं और कैमरे के सामने उसकी तारीफ कर रही थीं. लेकिन ट्रोलर्स का दावा है कि जैसे ही कैमरा बंद हुआ, भाग्यश्री ने ये कहकर आगे लस्सी पीने से मना कर दिया कि यह ‘बहुत ज्यादा मीठी’ है. बस फिर क्या था, इस एडिटेड वीडियो के आधार पर लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया और कहा कि सेलिब्रिटीज सिर्फ पैसों के लिए लोकल चीजों का झूठा प्रमोशन करते हैं.
भाग्यश्री का तीखा पलटवार
लगातार हो रही ट्रोलिंग को देखने के बाद भाग्यश्री ने चुप रहने के बजाय सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर ट्रोलर्स की क्लास लगा दी. उन्होंने लिखा, “क्या आप वहां पर थे? क्या इस फेक क्लिप में किसी ने सुना या रिकॉर्ड किया कि मैंने इसे बहुत मीठा कहा और पीने से मना कर दिया? फेक वीडियो तो आधी अधूरी जानकारी के साथ अपलोड कर दिया जाता है.”भाग्यश्री ने आगे कहा कि लोकल फूड और छोटे दुकानदारों को प्रमोट करने से कोई भी सेलिब्रिटी पैसे नहीं कमाता. इससे सिर्फ उन छोटे वेंडर्स को सपोर्ट मिलता है. उन्होंने दुख जताते हुए लिखा कि ये बड़े शर्म की बात है कि कुछ खाली दिमाग लोगों के पास इतनी साधारण और अच्छी चीजों के लिए भी कहने को कुछ अच्छा नहीं होता. काशी पवित्रता की जगह है और आपकी ये बकवास बहुत छोटी है.
इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी साधा निशाना
ट्रोलर्स पर अपनी भड़ास निकालते हुए भाग्यश्री ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “क्या आपकी मां ने कभी गर्मी में आपको लस्सी नहीं पिलाई? लस्सी पीने में आखिर गलत क्या है?” भाग्यश्री का इशारा साफ था कि लस्सी जैसी सादगी भरी चीज भारतीय परिवारों के प्यार और संस्कृति का हिस्सा है, और जो लोग इस पर भी राजनीति या फेक प्रोपेगैंडा ढूंढ रहे हैं, उनकी सोच वाकई हैरान करने वाली है. उन्होंने आगे लिखा कि ऐसी चीजों को बदनाम करना बंद करना चाहिए.
सुबह 3 बजे से शुरू हुआ था दिन
अपनी सफाई में भाग्यश्री ने उस दिन का पूरा सच बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने दिन की शुरुआत सुबह 3 बजे मंगला आरती के साथ की थी. इसके बाद वो 40 डिग्री की भीषण गर्मी में काशी के गंगा घाटों पर लगातार घूम रही थीं. ऐसे में उस थकावट के बाद वो लस्सी उनके लिए एक एनर्जी बूस्टर की तरह थी, जिसे उन्होंने बड़े चाव से एन्जॉय किया. उन्होंने यह भी साफ किया कि लस्सी मीठी हो या नमकीन, यह हर इंसान की अपनी पसंद है और शुगर या गुड़ शरीर को तुरंत एनर्जी देते हैं. कुल मिलाकर, भाग्यश्री ने साफ कर दिया है कि वो अपनी जगह बिल्कुल सही हैं और वो आगे भी लोकल दुकानदारों को ऐसे ही सपोर्ट करती रहेंगी.















