विश्व प्रसिद्ध चित्तौड़ दुर्ग की तलहटी में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने एक भालू को देखा। सूरजपोल क्षेत्र में घूम रहे लोगों को पहले तो विश्वास ही नहीं हुआ कि दुर्ग के आसपास इस तरह का वन्य जीव दिखाई दे सकता है। जैसे ही भालू नजर आया, लोगों ने शोर मचाया और तुरंत सिक्योरिटी गार्ड को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दो गार्डों ने भालू की फोटो और वीडियो बनाए। आवाजें सुनकर भालू पास की झाड़ियों में ओझल हो गया।
गार्डों ने मौके पर ही वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभाग की टीम तुरंत पहुंची और तलहटी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। प्राथमिक जांच में अनुमान लगाया गया कि भालू बस्सी वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र से भटक कर यहां तक आ सकता है।
वन विभाग की टीम ने बताया कि यदि भालू सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया जाता है, तो उसे उसके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया जाएगा। चित्तौड़ दुर्ग की तलहटी में आमतौर पर पैंथर जैसे वन्य जीवों की उपस्थिति देखी जाती रही है, लेकिन भालू कई वर्षों बाद देखा गया है। यह दृश्य स्थानीय लोगों के लिए आश्चर्य का विषय बन गया है और वन विभाग पूरी सतर्कता के साथ रेस्क्यू अभियान चला रहा है।















