बाँदा।जुलाई माह में जसपुरा थाना क्षेत्र के रामपुर ग्राम पंचायत स्थित प्रसिद्ध मां भीखार देवी मंदिर से चोरी हुई अष्टधातु की मूर्ति सुबह बरामद हो गई। चोर मूर्ति को रामपुर रोड स्थित बड़ी पुलिया के पास फेंककर फरार हो गए थे।कुछ युवक सुबह रोज की तरह दौड़ लगाने निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर रामपुर रोड की बड़ी पुलिया के पास जमीन पर पड़ी प्रतिमा पर पड़ी। युवकों ने तुरंत इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।थाना प्रभारी ऋषि देव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामवासी सभाजीत यादव, पप्पू तिवारी और शिवमोहन कुशवाहा से मूर्ति की पहचान कराई। ग्रामीणों ने प्रतिमा को मां भीखार देवी की मूल अष्टधातु मूर्ति बताया। मूर्ति मिलने की खबर फैलते ही मंदिर परिसर और पुलिया के पास श्रद्धालुओं की भीड़ जमा हो गई।ग्रामीणों का आरोप है कि चोरों ने मूर्ति के दोनों अंगूठे काट दिए हैं। आशंका है कि चोर धातु की कीमत जांचने या उसे बेचने के इरादे से ऐसा किया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।थाना प्रभारी ऋषि देव सिंह ने बताया कि मूर्ति को कब्जे में ले लिया गया है।
चोरी के संबंध में अज्ञात के खिलाफ पहले से ही एफआईआर दर्ज है। पुलिस टीम जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करेगी। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मूर्ति मंदिर पक्ष को सौंपी जाएगी।ग्रामीणों के मुताबिक मां भीखार देवी मंदिर क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शामिल है और इसे हजारों वर्ष पुराना बताया जाता है। मूर्ति मिलने से जहां लोगों में खुशी है, वहीं अंगूठे कटे होने से गुस्सा भी है।मंदिर ट्रस्ट के संरक्षक ने भी अज्ञात चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।























































