मुजफ्फरनगर। नागरिकों की सुविधा और आधार से जुड़ी सेवाओं को आसान बनाने के उद्देश्य से UIDAI द्वारा संचालित आधार सेवा केंद्र मुजफ्फरनगर में शुरू हो गया है। केंद्र पर सप्ताह के सातों दिन नागरिकों को आधार से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और बच्चों के आधार में निर्धारित आयु पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट अवश्य कराएं।
उन्होंने बताया कि बच्चों के लिए MBU-1 पांच वर्ष की आयु तथा MBU-2 पंद्रह वर्ष की आयु पर कराया जाना जरूरी है। इसके तहत फिंगरप्रिंट, आइरिस और फोटो सहित आवश्यक बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट की जाती है। आधार नोडल अधिकारी, सहारनपुर राजीव त्रिपाठी ने बताया कि निर्धारित समय पर बायोमेट्रिक अपडेट कराने से भविष्य में आधार आधारित सेवाओं का लाभ लेने में होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।
UIDAI के नियमों के अनुसार नया आधार बनवाने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। 17 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के बायोमेट्रिक अपडेट के लिए 125 रुपये शुल्क निर्धारित है, जबकि 17 वर्ष तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निशुल्क किया जाता है। आधार में जन्मतिथि या वर्तमान पता बदलवाने के लिए 75 रुपये शुल्क निर्धारित है। नियमों के अनुसार जन्मतिथि में संशोधन एक बार, जेंडर में एक बार और नाम में अधिकतम दो बार संशोधन किया जा सकता है।आधार सेवा केंद्र रुड़की रोड स्थित दीपक पैलेस, नानकी हॉस्पिटल के सामने संचालित होगा। अधिकारियों ने लोगों से बच्चों का MBU समय पर कराने की अपील की है।























































