मुजफ्फरनगर। तहसील खतौली सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनसुनवाई कर विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की। समाधान दिवस में विद्युत, समाज कल्याण, राशन कार्ड, भूमि विवाद, नगर पालिका, नगर पंचायत, राजस्व, श्रम विभाग, पेंशन, सड़क और पुलिस प्रशासन सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 69 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मामलों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर शिकायतों की जांच करें और शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर यह सुनिश्चित करें कि वह कार्रवाई से संतुष्ट है। साथ ही निरीक्षण के दौरान फोटो भी अनिवार्य रू
प से लिए जाएं। जिन शिकायतों का समाधान संभव नहीं है, उनके संबंध में शिकायतकर्ताओं को स्पष्ट जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने आईजीआरएस पोर्टल पर लंबित शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी। उन्होंने नगर पालिका और संबंधित विभागों के अधिकारियों को बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पर सतर्क रहने तथा जहां भी पानी भरने की स्थिति बने, वहां तत्काल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने और कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई न बरतने के भी निर्देश दिए गए। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी ललित कुमार मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील तेवतिया, तहसीलदार अरविंद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतों के निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण का भरोसा दिलाया।























































