प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महिला आरक्षण के मुद्दे पर देश को संबोधित किया, जिसकी शुरुआत उन्होंने देश की महिलाओं से माफी मांगते हुए की. पीएम ने कहा, आज मैं अपनी बहनों और बेटियों से बात करने के लिए आया हूं.
आज देश का हर नागरिक देख रहा है कि कैसे भारत की नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया. उनके सपनों को कुचल दिया गया. भरसक प्रयास के बावजूद हम सफल नहीं हो पाए. नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में पास नहीं हो पाया. मैं इसके लिए सभी माताओं-बहनों से क्षमा-प्रार्थी हूं.
पीएम ने देश को संबोधित करते हुए कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और सपा पर निशाना साधा. तृणमूल कांग्रेस पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा, बिल पास कराने के लिए जरूरी 66 परसेंट वोट हमें ना मिला हो लेकिन देश की 100 फीसदी नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है. मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं कि हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करेंगे. पीएम ने कहा, महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से रोक नहीं पाएंगी.
पीएम मोदी के संबोधन की 10 बड़ी बातें
- पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसी पार्टियों की स्वार्थी राजनीति ने देश की महिलाओं को नुकसान पहुंचाया है और उन्होंने विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रयासों को विफल कर दिया है.
- पीएम ने कहा, मैं देश की सभी महिलाओं से क्षमा मांगता हूं. उन्होंने कहा कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वाले विपक्षी दल महिलाओं की शक्ति को हल्के में ले रहे हैं.
- उन्होंने कहा, आज भारत का हर नागरिक देख रहा है कि भारत की महिलाओं की प्रगति किस प्रकार रुक गई है. देश की महिलाओं के सपनों को बेरहमी से कुचल दिया गया है, और हमारे तमाम प्रयासों के बावजूद हम सफल नहीं हो सके.
- पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं ने देखा है कि कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके जैसी पार्टियां महिला सशक्तिकरण के खिलाफ अपनी स्वार्थी राजनीति का जश्न मना रही हैं. उन्होंने कहा, विपक्ष ने महिला आरक्षण का विरोध करके पाप किया है और उन्हें इसकी सजा जरूर मिलेगी.
- पीएम मोदी ने कहा कि विपक्षी दलों ने विधेयक को हराकर हमारे संविधान का अपमान किया है. इस विधेयक का मकसद किसी से कुछ भी छीने बिना महिला सशक्तिकरण को पंख देना है.
- उन्होंने कहा, मुझे कांग्रेस से अपनी पिछली गलतियों को सुधारने की उम्मीद थी, लेकिन उसने नया इतिहास रचने का मौका गंवा दिया. परिवारवादी पार्टियां नहीं चाहतीं कि महिलाएं आगे बढ़ें क्योंकि इससे उनकी स्वार्थी राजनीति खत्म हो सकती है.
- पीएम ने कांग्रेस पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस उत्तर-दक्षिण विभाजन के बारे में झूठी बातें फैला रही है. उन्होंने कहा कि एक महिला सब कुछ भूल जाती है, लेकिन अपना अपमान नहीं भूलती.
- पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा किया गया यह अपमान हर महिला के दिल में हमेशा रहेगा. नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन समय की मांग है और उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम में समान सशक्तिकरण सुनिश्चित करने का एक ईमानदार प्रयास है.
- पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्र निर्माण और देश के विकास के सभी प्रयासों का विरोध किया है. उन्होंने कहा कि हर राज्य की शक्ति समान अनुपात में बढ़ाने की कोशिश थी, लेकिन इस ईमानदार प्रयास की, कांग्रेस और उसके साथियों ने सदन में पूरे देश के सामने भ्रूण हत्या कर दी है.
- उन्होंने कहा, कांग्रेस खुद तो देश के ज्यादातर विषयों में अपना वजूद खत्म कर चुकी है. अब वह परजीवी की तरह क्षेत्रीय दलों की पीठ पर सवार होकर खुद को जिंदा रखने की कोशिश कर रही है लेकिन कांग्रेस यह नहीं चाहती कि क्षेत्रीय दलों की ताकत बढ़े. पीएम ने कहा, मैं जानता हूं कि आज देश की माताएं, बहनें, बेटियां दुखी हैं. मैं भी आपके इस दुख में दुखी हूं. मगर, हमारा प्रयास रुकेगा नहीं, हमारा प्रयास थमेगा नहीं, हमारा आत्मबल अजेय है. हमारे पास आगे भी और मौके आएंगे.















