मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बुधवार को जिले के चार नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरतीया कॉलोनी तथा नगरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिर गांधी नगर, आदर्श कॉलोनी और सुजडू चुंगी पहुंचकर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शासन की ओर से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीक ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर चिकित्सा सेवाओं का सुचारू रूप से संचालन जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई बनाए रखने, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार करने और सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सुलभ, सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय से कार्य करें। साथ ही मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार बना रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।















