शामली। शहर के मोहल्ला दयानंद नगर और हाजीपुर के निवासी इन दिनों गंदगी और दुर्गंध से परेशान हैं। दयानंद नगर से होकर गुजरने वाले शहर के बड़े गंदे नाले की सफाई के दौरान निकाला गया कूड़ा करीब दो महीने से सड़क पर पड़ा हुआ है। आरोप है कि नगर पालिका शामली की ओर से अब तक इस कूड़े को हटाने की व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते खेड़ी करमू और लिलोन गांव की ओर जाने वाला रास्ता बाधित हो गया है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दयानंद नगर से गुजरने वाला गंदा नाला आगे जाकर खेड़ी करमू और लिलोन गांव की ओर जाता है। करीब दो महीने पहले नाले में कूड़ा-करकट जमा होने के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई थी। इस समस्या को लेकर शहर और गांव के लोगों ने नगर पालिका में शिकायत की थी। शिकायत के बाद पालिका की ओर से जेसीबी भेजकर नाले से कूड़ा निकलवाया गया, लेकिन सफाई के बाद निकाले गए कूड़े को सड़क से उठाने की व्यवस्था नहीं की गई।
लोगों का कहना है कि सड़क के बीचोंबीच करीब 40 ट्रॉली सूखा कूड़ा जमा है। लंबे समय से कूड़ा पड़ा रहने के कारण रास्ते से आवागमन प्रभावित हो रहा है। वहीं, कूड़े से उठने वाली दुर्गंध, मच्छरों और मक्खियों के कारण आसपास रहने वाले लोगों का बुरा हाल है। स्थानीय निवासियों को आशंका है कि गंदगी के कारण क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं।
मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद नगर पालिका इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। सड़क पर जमा कूड़े के कारण राहगीरों को निकलने में दिक्कत हो रही है, जबकि आसपास के लोगों को दिनभर बदबू का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर पड़े कूड़े को तत्काल हटवाया जाए और रास्ते को आवागमन के लिए सुचारु कराया जाए। साथ ही नाले की नियमित सफाई और कूड़े के उचित निस्तारण की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को गंदगी से राहत मिल सके और बीमारी फैलने का खतरा कम हो।















