सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया का जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने शनिवार को जिला चिकित्सालय परिसर स्थित इमरजेंसी वार्ड और पोषण पुनर्वास केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों को मरीजों के उपचार में पूरी तत्परता बरतने तथा अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

इमरजेंसी वार्ड के निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने तैनात इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. शिखर गौतम को निर्देशित किया कि आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक मरीज को बिना देरी समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सक अपनी सीट पर बैठे रहने के बजाय मरीजों के पास जाकर उनकी स्थिति का आकलन करें और आवश्यकतानुसार उपचार सुनिश्चित करें। मरीजों को केवल अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के भरोसे छोड़ना उचित नहीं है। उन्होंने इमरजेंसी के बाहर स्ट्रेचर की उपलब्धता हर समय बनाए रखने के भी निर्देश दिए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी में भर्ती एक छोटी बच्ची से बातचीत कर उसका हालचाल जाना। साथ ही बच्ची के परिजनों से उसके उपचार के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अन्य मरीजों से भी संवाद कर अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं और उपचार की स्थिति के बारे में पूछा।

इसके बाद सीएमओ ने पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया। यहां भर्ती बच्चों का हालचाल जानने के साथ उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित कर्मचारियों को बच्चों के पोषण, देखभाल तथा उपचार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने कहा कि मरीजों को समय पर बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। सभी चिकित्सक और कर्मचारी अपने दायित्वों का ईमानदारी से पालन करें, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts