मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में लगातार बारिश के चलते जलभराव के बीच बाद उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय मगरमच्छ घनी आबादी वाले इलाके में पहुंच गया। पंजाबी कॉलोनी स्थित आशापूरन गुरुद्वारा साहिब के पास सड़कों पर जमा पानी के बीच मगरमच्छ को घूमते देख स्थानीय महिलाओं और बच्चों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मगरमच्छ काफी देर तक आबादी के आसपास घूमता रहा और बाद में जंगल की ओर चला गया।
कॉलोनी निवासी एवं भारतीय किसान यूनियन के स्थानीय नेता सरदार अमीर सिंह और सरदार पलविंदर सिंह ने बताया कि रिहायशी इलाके में मगरमच्छ का पहुंचना लोगों के लिए गंभीर खतरे की स्थिति है। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना देकर मगरमच्छ को जल्द पकड़ने की मांग की।
मामले की जानकारी मिलने पर मोरना रेंज के क्षेत्राधिकारी रविकांत ने बताया कि शुकतीर्थ क्षेत्र सुरक्षित वन्यजीव अभ्यारण्य के अंतर्गत आता है, जहां जलीय जीवों और अन्य वन्य प्राणियों का प्राकृतिक वास है। उन्होंने बताया कि शाम होने के कारण अंधेरे में सर्च अभियान चलाने में परेशानी हो रही है। वन विभाग की टीम मगरमच्छ की गतिविधियों और संभावित लोकेशन पर लगातार नजर रख रही है। सोमवार सुबह विशेषज्ञ टीम के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। मगरमच्छ के आबादी में आने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों ने रेस्क्यू अभियान जल्द पूरा करने की मांग की है।























































