बांदा। आगामी दिनों में होने वाले देवी प्रतिमाओं के विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने खुद सड़क पर उतरकर तैयारियों को परखा।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से नवदुर्गा मूर्ति विसर्जन मार्ग और विसर्जन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विसर्जन मार्ग की स्थिति, सड़कों के गड्ढे, मोड़, घाट की मजबूती और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से सीधा संवाद भी किया गया। अधिकारियों ने उनसे व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया और सभी से पर्व को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती हो। विसर्जन मार्गों और स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। अधिकारियों ने साफ कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और देवी प्रतिमाओं का विसर्जन पूरी तरह से शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया जाना है।















