बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली से प्रदेश भर के चौकीदारों को संबोधित किया। इसका सजीव प्रसारण बांदा के पुलिस लाइन सभागार में किया गया, जहां पूरा पुलिस और प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। कार्यक्रम में चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार, डीआईजी राजेश एस, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, डीएम अमित आसेरी और एसपी पलाश बंसल ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम की अध्यक्षता की। अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की रीढ़ हमारे चौकीदार हैं। गांव में कौन आया, कौन गया, कहां संदिग्ध गतिविधि हो रही है, इसकी सबसे पहली खबर पुलिस को चौकीदार ही देता है। आप पुलिस और जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी हो। उन्होंने चौकीदारों को पूरी ईमानदारी,
सतर्कता और जिम्मेदारी से ड्यूटी करने का मंत्र दिया। सीएम के संबोधन के बाद बांदा में तैनात 80 चौकीदारों को नई साइकिल, टॉर्च और वर्दी किट दी गई। अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर उन्हें गांवों के लिए रवाना किया। साइकिल पाते ही चौकीदारों के चेहरे खिल उठे। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने कहा कि चौकीदार सिर्फ एक पद नहीं, बल्कि पुलिस परिवार का हिस्सा है। रात के अंधेरे में जब पूरा गांव सोता है, तब चौकीदार जागकर पहरा देता है। उनकी टॉर्च की रोशनी से अपराधी भागते हैं। 80 साइकिलों का वितरण उनकी कार्यक्षमता को और बढ़ाएगा। उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण अपराध नियंत्रण में चौकीदारों की सूचना सबसे अहम होती है।















