मुजफ्फरनगर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मुजफ्फरनगर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति के नाम अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और अपनी कमियों को छिपाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनना और विरोध करने के अधिकार का सम्मान करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार का रवैया लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाना उनका अधिकार है।
इन मुद्दों को लेकर संगठन लगातार संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के आह्वान पर 10 अक्टूबर को ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम के तहत जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया है। कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के प्रति अपना समर्थन भी जताया।प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की ओर से दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने का निर्देश दिया जाता है, तो वे इसके लिए भी तैयार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के निर्देश के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जा सकता है।कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर कार्रवाई करने की अपील की।















