नेपाल में बाढ़ से फिर तबाही, 3 पुल बहे, सड़कें टूटीं; रेस्क्यू जारी

नेपाल में बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक तेज बाढ़ आ गई है. इससे गोरखा जिले में 3 पुल बह गए और कई घरों में पानी घुस गया. नेपाल के आपदा प्रबंधन विभाग ने नदी के आसपास रहने वाले लोगों को चेतावनी दी है. विभाग ने X पर बताया कि चुमनुब्री ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर 6 से बड़ी बाढ़ आ रही है. कई इलाकों में सड़कें टूट गई हैं. लोगों से कहा गया है कि त्रिशूली दोभान तक नदी के किनारे न जाएं और ऊंची जगहों पर रहें. बाढ़ का पानी उतरने तक सावधानी बरतें. इस बीच आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीम लोगों के रेस्क्यू में जुट गई है.नेपाल पुलिस के मुताबिक, चुमनुब्री-6 में लोकपा और चुमलिंग के बीच पहाड़ से मिट्टी और पत्थर गिरने के कारण नदी का रास्ता बंद हो गया था. इसके बाद आई बाढ़ से कई इलाकों में नुकसान हुआ. चुमनुब्री-3 में न्याकचेत और सिर्दिबास को जोड़ने वाला पुराना सस्पेंशन ब्रिज बह गया. धार्चे-5 में माछाखोला और केरौजा को जोड़ने वाला दूसरा सस्पेंशन ब्रिज भी बह गया. माछाखोला की निचली बस्ती में 5 से 7 घरों में पानी घुस गया. धार्चे-3 के सल्लेरी में 20 से 22 घरों पर खतरा है. आरुघाट के वार्ड 2 और 3 को जोड़ने वाला सोती का लोहे का पुल भी बह गया.

अगस्त की बाढ़ में 1,400 से ज्यादा मौतें

नेपाल में 26 अगस्त को भोटेकोशी नदी में भी भारी बाढ़ आई थी. इसमें 1,400 से ज्यादा लोगों की मौत हुई और 6,000 से ज्यादा लोग लापता हुए. इस विनाशकारी बाढ़ से नेपाल को करीब 1.66 अरब अमेरिकी डॉलर का सीधा आर्थिक नुकसान हुआ. वर्ल्ड बैंक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस कुल नुकसान का 83% हिस्सा बुनियादी ढांचे से जुड़ा है.26 अगस्त को रसुवा जिले से शुरू हुई बाढ़ नुवाकोट और धादिंग तक फैल गई थी. इसमें 281 मेगावाट क्षमता वाले 8 चालू बिजली प्रोजेक्ट और 388 मेगावाट क्षमता वाले 4 निर्माणाधीन प्रोजेक्ट प्रभावित हुए. गल्छी-बेत्रावती-रसुवागढ़ी सड़क और पृथ्वी हाईवे के बड़े हिस्से टूट गए. इसके अलावा 48 झूला पुल और गाड़ियों के चलने वाले 31 पुल भी प्रभावित हुए.

नेपाल ने मदद के लिए भारत की तारीफ की थी

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिमालय पर बढ़ते खतरे का मुद्दा उठाया था. उन्होंने अगस्त की बाढ़ के बाद मदद करने के लिए भारत और चीन को धन्यवाद दिया था. शाह ने कहा था कि बढ़ती गर्मी से पहाड़ों की जमी हुई जमीन पिघल रही है और पहाड़ कमजोर हो रहे हैं. इससे बर्फ और चट्टानें गिरने, बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ रहा है.

 

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts