मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग, लखनऊ द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के अवसर पर घोषित सार्वजनिक अवकाश की तिथि में परिवर्तन किया गया है। शासन की ओर से जारी विज्ञप्ति संख्या 3-1099/854/2019-सामान्य प्रशासन अनुभाग-1, दिनांक 12 नवंबर 2026 के अंतर्गत पहले 24 नवंबर 2026 को कार्यकारी आदेश के तहत अवकाश घोषित किया गया था। अब शासन ने पूर्व में घोषित अवकाश की तिथि को परिवर्तित करते हुए 14 दिसंबर 2026, सोमवार को गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के अवसर पर कार्यकारी आदेश के अधीन अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन के नए आदेश के अनुसार अब 24 नवंबर 2026 को पूर्व घोषित अवकाश प्रभावी नहीं रहेगा, बल्कि इसके स्थान पर 14 दिसंबर 2026 को अवकाश रहेगा। इस संबंध में शासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुपालन में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनपद के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार नई तिथि का संज्ञान लेने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान दिवस उनके त्याग, साहस, धार्मिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में मनाया जाता है। शासन द्वारा अवकाश की तिथि में किए गए इस बदलाव की जानकारी संबंधित विभागों तक पहुंचाई जा रही है, ताकि सभी कार्यालयों और संबंधित संस्थानों में नए आदेश के अनुसार व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।















