मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना पुलिस ने महिला से मोबाइल छिनैती की घटना का खुलासा करते हुए चंडीगढ़ निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को पचैण्डा रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने ईख के खेत में कांबिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को नई मंडी थाना क्षेत्र की गांधी कॉलोनी में एक बारात घर के बाहर स्कूटी सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला का मोबाइल फोन छीन लिया था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया था। सोमवार 16 नवंबर को नई मंडी पुलिस पचैण्डा रोड से नसीरपुर जाने वाली पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एनएच-58 की ओर से बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार होकर आ रहे दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों स्कूटी मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक, कच्चे रास्ते पर स्कूटी फिसलकर गिर गई, जिसके बाद दोनों आरोपी पास के ईख के खेत में घुस गए और पुलिस पर गोलियां चलाने लगे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में विकास पुत्र बिजेंद्र निवासी मलोया, चंडीगढ़ गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, उसके साथी राहुल पुत्र मच्छी निवासी टठू माजरा, चंडीगढ़ को कांबिंग के दौरान दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस 315 बोर, महिला से छीना गया वनप्लस नॉर्ड मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की स्कूटी बरामद की है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही उनके खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।

















