मुजफ्फरनगर। तीर्थनगरी शुक्रताल में आयोजित कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की व्यवस्थाओं को लेकर मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल रूपेश कुमार, जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गंगा घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के स्नान, आवागमन और सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने घाटों पर स्नान की व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। गंगा घाटों पर स्नान के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए और सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख मार्गों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, गंगा घाटों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। साथ ही भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और वाहनों की पार्किंग को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने और श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी जानसठ, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















