अयोध्या। रामनगरी अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक रेल संपर्क को नई मजबूती मिलने जा रही है। सरयू कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन सोमवार को भव्य समारोह के बीच किया जाएगा। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्याधाम जंक्शन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम को लेकर अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत रामनगरी में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा।
प्रशासन के अनुसार, अयोध्याधाम क्षेत्र में सोमवार सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन प्रभावी रहेगा। वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
यह रेल सेवा अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच आवागमन तथा दोनों देशों के सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।














