मुजफ्फरनगर। समाज में मजबूत, खुशहाल और संवेदनशील परिवारों की नींव रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय महिला आयोग की अनूठी पहल ‘तेरे मेरे सपने’ के अंतर्गत विवाह पूर्व संवाद केंद्र (प्री-मैरिटल काउंसलिंग कम्युनिकेशन सेंटर) का मुजफ्फरनगर में शुभारंभ किया गया। सखी वन स्टॉप सेंटर परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप की अध्यक्षता में दीप प्रज्वलित कर किया गया। यह पहल विवाह करने जा रहे युवक-युवतियों को वैवाहिक जीवन की जिम्मेदारियों और चुनौतियों के प्रति मानसिक एवं भावनात्मक रूप से तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में सपना कश्यप ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग की इस पहल का उद्देश्य विवाह से पहले दोनों पक्षों के बीच बेहतर समझ, आपसी विश्वास और संवाद को बढ़ावा देना है, ताकि भविष्य में उनका वैवाहिक जीवन सुखद और संतुलित रह सके। वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला ने बताया कि इस केंद्र के माध्यम से विवाह की योजना बना रहे युवक-युवतियों को करियर, आर्थिक प्रबंधन, व्यक्तिगत मूल्यों और पारिवारिक जिम्मेदारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर बातचीत करने का अवसर मिलेगा।
बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने कहा कि विवाह पूर्व संवाद केंद्र के माध्यम से युवाओं को रिश्तों की बेहतर समझ, प्रभावी संवाद और भावनात्मक शिक्षा प्रदान की जाएगी। इससे विवाह से पहले दोनों पक्ष एक-दूसरे की अपेक्षाओं और विचारों को समझ सकेंगे तथा मजबूत रिश्ते की नींव रख पाएंगे। जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी प्रीती चाहल, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रतिनिधि, हब फॉर वूमेन इम्पावरमेंट के जेंडर स्पेशलिस्ट शिवम कुमार, जिला अस्पताल के चिकित्सक सचिन जैन सहित सखी वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इस पहल को परिवारों को मजबूत बनाने और वैवाहिक संबंधों में सकारात्मकता लाने की दिशा में उपयोगी बताया।















