मुजफ्फरनगर। जानसठ रोड स्थित एसडी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के प्रांगण में एसडीसीईटी इंक्यूबेशन फोरम के आधिकारिक प्रमाणपत्र के विमोचन और विद्यार्थियों द्वारा तैयार हाइब्रिड ई-रिक्शा व चैटबॉट ‘सारा’ के अवलोकन के लिए भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसडीसीईटी इंक्यूबेशन फोरम को उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त जिले के प्रथम एवं एकमात्र इंक्यूबेशन फोरम के रूप में पहचान मिली है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के मंत्री कपिल देव अग्रवाल रहे। उन्होंने इंक्यूबेशन फोरम के प्रमाणपत्र का विमोचन किया और विद्यार्थियों द्वारा तैयार हाइब्रिड ई-रिक्शा तथा चैटबॉट ‘सारा’ का अवलोकन किया। छात्रों की तकनीकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर नवाचार और आत्मनिर्भरता का है। युवाओं के पास प्रतिभा और नए विचारों की कमी नहीं है, उन्हें केवल उचित मार्गदर्शन और मंच उपलब्ध कराने की जरूरत है। विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट यह साबित करते हैं कि मुजफ्फरनगर के युवा तकनीकी क्षेत्र में नई पहचान बनाने में सक्षम हैं।
एसडीसीईटी इंक्यूबेशन फोरम के डायरेक्टर अनुभव कुमार ने कहा कि फोरम का उद्देश्य विद्यार्थियों और स्थानीय युवाओं में उद्यमिता की भावना विकसित करना है। नए उद्यमियों को वित्तीय अनुदान, डिजाइनिंग, मार्केटिंग और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्र में नवाचार और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के साथ मुजफ्फरनगर को स्टार्टअप हब के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में संस्था के वाइस चेयरमैन विनोद कुमार समेत कार्यकारिणी समिति के सदस्य मौजूद रहे।
























































