मुजफ्फरनगर। सहारनपुर में माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित मंडल स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण पदक हासिल किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी पांच खिलाड़ियों का चयन प्रदेश स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
बालिका वर्ग में विद्यालय की सोनाक्षी और सदफ ने अंडर-14 वर्ग में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं वंशिका ने अंडर-17 वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया। बालक वर्ग में आर्यन कुमार ने अंडर-14 वर्ग में तथा रिहान ने अंडर-17 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
खिलाड़ियों की सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय की इस सफलता में कोच राखी सूर्यदेव और योगाचार्य सत कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दोनों प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, तकनीक और अनुशासन के लिए मार्गदर्शन दिया। विद्यालय परिवार ने प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए चयनित खिलाड़ियों को प्रदेश स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन को उम्मीद है कि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे भी अपनी मेहनत और खेल प्रतिभा के दम पर विद्यालय, माता-पिता और जनपद मुजफ्फरनगर का नाम रोशन करेंगे।















