बांदा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत बांदा पुलिस अब एक्शन मोड में है। एसपी पलाश बंसल के निर्देशन में कोतवाली नगर, साइबर क्राइम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने आज राजकीय बालिका कॉलेज में छात्राओं को सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला अपराधों जैसे घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़, पीछा करना, बाल विवाह, मानव तस्करी और साइबर अपराध के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही सरकार की योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी भी दी गई।आपातकालीन पुलिस सहायता, महिला पावर लाइन, महिला हेल्पलाइन,चाइल्ड हेल्पलाइन, साइबर ठगी की शिकायत के बारे मे बताया गया। साइबर टीम ने बताया कि आजकल ठग केवाईसी अपडेट, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, फर्जी क्यूआर कोड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी जॉब और फिशिंग लिंक से लोगों को लूट रहे हैं।
पुलिस ने साफ कहा ओटीपी किसी को मत दो, अनजान लिंक पर क्लिक मत करो, डरकर पैसा मत भेजो सीधे 1930 पर कॉल करो।यातायात पुलिस ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवर स्पीडिंग और मोबाइल पर बात करते हुए गाड़ी चलाने के खतरों के बारे में बताया। साथ ही यात्रा के दौरान ऑटो-टैक्सी का नंबर घरवालों को भेजने, लोकेशन शेयर करने और सुनसान रास्तों से बचने की सलाह दी।















