मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल बताया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।बताया गया कि यह दर्दनाक हादसा जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर बुढ़ाना थाना क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोडवेज बस तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान उसने सड़क पर जा रही दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
हादसे में जान गंवाने वाले पांचों लोगों की पहचान कर ली गई है। घटना के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों की भी बड़ी संख्या में मौके पर भीड़ जुट गई।
दर्दनाक सड़क दुर्घटना का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को राहत एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और बस चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
























































