मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने, उन्हें असली बताकर इस्तेमाल करने, झूठे साक्ष्य प्रस्तुत करने और वादी को गंभीर अपराध में फंसाने के प्रयास के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान राबिया पत्नी अनीस निवासी ग्राम जड़ौदा, थाना मंसूरपुर के रूप में हुई है। बुधवार को पुलिस ने आरोपी महिला को उसके मकान से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में न्यायालय के आदेश पर 14 अगस्त 2026 को मंसूरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। शिकायतकर्ता मोहम्मद सलमान खान के अनुसार वर्ष 2005 में उनके परिवार ने जड़ौदा अड्डे पर करीब 1775 गज का प्लॉट बनवाया था। परिवार के शहर में रहने के कारण जमीन लंबे समय तक खाली पड़ी रही। इसी जमीन को लेकर विवाद शुरू हुआ और बाद में फर्जी दस्तावेज व झूठे साक्ष्य तैयार करने के आरोप लगाए गए। पुलिस ने कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और डीआईजी सहारनपुर के निर्देशन तथा एसएसपी संजय कुमार के पर्यवेक्षण में की।























































