मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम हरिनगर में घर से करीब 14 लाख रुपये चोरी होने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, घर से रुपये चोरी होने की झूठी सूचना देने वाली महिला को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कूलर में छिपाकर रखे 4 लाख 40 हजार रुपये और पीली धातु की एक कान की बाली बरामद की है।
वादी इनाम पुत्र इरफान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर घर में घुसे और अनाज की टंकी में रखे करीब 14 लाख रुपये चोरी कर ले गए। विरोध करने पर चोरों ने वादी के भाई की पत्नी पर चाकू से हमला किया और उसकी कान की बाली खींचकर फरार हो गए। मामले में थाना पुरकाजी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने जांच के दौरान घटना का सफल अनावरण किया। पुलिस के मुताबिक, महिला ने स्वयं रुपये चोरी कर वारदात की झूठी सूचना दी थी। कार्रवाई के बाद मुकदमे में धाराओं का संशोधन करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।























































