पीआर पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ,

मुजफ्फरनगर। परिवहन विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से जनपद में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ पीआर पब्लिक स्कूल में भव्य समारोह के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राणा सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों का लाइव प्लांट और सड़क सुरक्षा शपथ प्रतीक चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।

डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना और वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करना बेहद जरूरी है। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि बच्चे और युवा समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विद्यार्थियों को स्वयं नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सड़क सुरक्षा के नियमों का संदेश दिया। कक्षा 11 की छात्रा आर्य कौशिक और तनिष्का चौधरी तथा कक्षा सात की छात्रा अवनी ने अपने विचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मोहम्मद आरिफ ने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने और परिवार के सदस्यों को भी प्रेरित करने की अपील की। यातायात उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने राहवीर योजना की जानकारी दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अनघ सिंघल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। अधिशासी अभियंता अनिल कुमार राणा और स्कूल प्रबंधक अशोक सिंघल ने भी जागरूकता एवं अनुशासन को दुर्घटनाओं से बचाव का प्रभावी माध्यम बताया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। अंत में यात्री कर अधिकारी राजेंद्र श्रीवास्तव ने परिवहन विभाग की ओर से सभी अतिथियों, अधिकारियों और विद्यालय परिवार का आभार जताया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सड़क सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts