अयोध्या दीपोत्सव के बाद, योगी सरकार पर भड़के अखिलेश.

उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आयोजन हुआ. दीपोत्सव मनाने के बाद सरयू नदी के घाटों पर रखे लाखों दीयों में कुछ तेल बचा था, जिसे लोग इकट्ठा करने के लिए अपने घरों से डब्बे और बर्तन ले आए थे. आम जनता द्वारा दीयों से तेल इकट्ठा करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अब यूपी की योगी सरकार पर हमलावर हैं. समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर राज्य की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि गरीबों को तेल बटोरने के लिए अपमान और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, अयोध्या के महापौर और बीजेपी नेता गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि नगर प्रशासन ने दीपोत्सव से पहले जरूरतमंद लोगों के बीच तेल और मिठाइयां वितरित की थीं.

‘सपा के आने पर गरीबों को नहीं सहनी पड़ेगी बेइज्जती’

यह विवाद उस समय शुरू हुआ, जब शनिवार (7 नवंबर) को आयोजित दसवें दीपोत्सव में 30 लाख मिट्टी के दीये जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के बाद बचे हुए तेल को इकट्ठा करने के लिए लोगों की भीड़ के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं.अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दो वीडियो शेयर किए, जिनमें कुछ लोग सरयू घाट पर डंडे लेकर दूसरों को दीयों से तेल इकट्ठा करने से रोकते और कथित तौर पर उनकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं. सपा प्रमुख ने पोस्ट में कहा, ”कुछ महीनों बाद हम अपनी ‘पीडीए सरकार’ बनाकर राशन में सरसों का तेल देंगे, जिससे किसी शोषित, वंचित और गरीब को इन भाजपाइयों से बेंत खाकर बेइज्जती न सहनी पड़े.”

‘नारी वंदन के नाम पर BJP ने दिखाई हिंसा’

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी ने अयोध्या में नारी वंदन के नाम पर हिंसक दृश्य पेश किया है. उन्होंने महिला आयोग से आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. अखिलेश ने कहा कि अगला चुनाव महिला और युवा बनाम बीजेपी होगा. पूर्व मुख्यमंत्री ने देर रात एक अन्य पोस्ट में अयोध्या का सम्मान बहाल करने, मंदिरों की व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और शहर में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित करने का वादा किया. अखिलेश ने पारंपरिक नौकायन को बढ़ावा देने, स्थानीय लोगों को रोजगार देने और जमीन से जुड़े कथित घोटालों की जांच कराने की बात भी कही. सपा प्रमुख के आरोपों पर अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि नगर प्रशासन को इस समस्या की जानकारी थी और उसने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए थे कि उत्सव से पहले जरूरतमंद लोगों को तेल मिल जाए.गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा, “इस साल भी हमने झुग्गी-बस्तियों और जरूरतमंद लोगों के बीच तेल एवं मिठाइयां बांटी हैं. इस बार मैंने खुद विशेष ध्यान रखा और वितरण की निगरानी की. फिर भी, ऐसी घटनाएं हो जाती हैं.”

‘दीपोत्सव के बाद तुरंत हटाएं दीये’- अयोध्या मेयर

महापौर ने कहा कि इस समस्या का एक संभावित समाधान यह हो सकता है कि कार्यक्रम के तुरंत बाद सभी दीये हटा दिए जाएं. हालांकि, दीयों की संख्या बहुत अधिक है और उनमें से ज्यादातर जल रहे होते हैं, इसलिए उन्हें तुरंत हटाना मुश्किल हो जाता है. महापौर ने इस समस्या का समाधान तलाशने की जरूरत भी स्वीकार की.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts