शामली। मोहल्ला सलेक विहार में देर शाम पटाखों से खेलना तीन बच्चों के लिए हादसे का कारण बन गया। पटाखों से निकाला गया बारूद जलाने के दौरान अचानक आग भड़कने से तीन बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में बच्चों के चेहरे, हाथ और पैर बुरी तरह प्रभावित हुए। तीनों को पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उपचार के बाद बच्चों की हालत स्थिर बताई है और उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला सलेक विहार निवासी नईम बेग की छह वर्षीय बेटी काफिया और उसका 10 वर्षीय बेटा उमर पड़ोस में रहने वाले वकील के 10 वर्षीय बेटे सायान के साथ गली में पटाखे जलाकर खेल रहे थे। इसी दौरान तीनों बच्चों ने अनजाने में दो-तीन पटाखों से बारूद निकालकर कागज में रख लिया और उसमें आग लगा दी। बारूद ने अचानक तेजी से आग पकड़ ली, जिसकी चपेट में तीनों बच्चे आ गए। हादसे में काफिया का चेहरा, उमर का चेहरा और हाथ तथा सायान का चेहरा, हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्चों को नजदीकी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की देखरेख में तीनों का उपचार जारी है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।















